डेरा सच्चा सौदा
प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह, जो दुष्कर्म और हत्या
के मामलों में रोहतक की सुनारिया जेल में 20 साल की सजा काट
रहा है, उसे एक बार फिर 21 दिन की फरलो
पर जेल से रिहा किया गया है। वह यह समय सिरसा स्थित डेरा में बिताएगा और डेरा के
स्थापना दिवस कार्यक्रम में भी शामिल होगा।
बुधवार सुबह करीब 6:45
बजे उसे कड़ी सुरक्षा में जेल से सिरसा ले जाया गया। उसकी करीबी
अनुयायी हनीप्रीत उसे लेने जेल पहुंची थी। इससे पहले 28 जनवरी
को भी गुरमीत को 30 दिन की पैरोल मिली थी, जिसमें उसने सिरसा और उत्तर प्रदेश के बरनावा स्थित आश्रम में समय बिताया
था।
यह 13वीं बार है जब गुरमीत को जेल से बाहर आने का मौका मिला है। अब तक वह कुल 325
दिन पैरोल और फरलो पर जेल से बाहर रह चुका है। सिरसा पहुंचने के बाद
उसने एक वीडियो जारी कर अनुयायियों से कहा कि वे घरों में रहें और डेरे के
जिम्मेदार लोगों की बात मानें।
डेरा प्रवक्ता जुगल
किशोर गुप्ता ने बताया कि यह फरलो राज्य सरकार की अनुमति से मिली है और पूरी
प्रक्रिया कानूनी दायरे में है। उधर, सिरसा
पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और डेरे में 45 पुलिसकर्मियों
को तैनात किया गया है।
क्यों है गुरमीत
जेल में?
- 25 अगस्त 2017
को दो साध्वियों से बलात्कार के मामले में 20 साल की सजा हुई।
- 17 जनवरी 2019
को पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में उम्रकैद
मिली।
- अक्टूबर 2021
में डेरा प्रबंधक रणजीत सिंह की हत्या में भी सीबीआई कोर्ट ने
उम्रकैद की सजा सुनाई।